पटनीटॉप होटल भूमि अतिक्रमण मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 10.66 करोड़ की संपत्तियां कु

जम्मू। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जम्मू उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने जम्मू-कश्मीर के पटनीटॉप होटल भूमि अतिक्रमण मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत लगभग 10.66 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। कुर्क की गई संपत्तियों में जिला उधमपुर के पटनीटॉप स्थित होटल हॉलिडे इन, होटल ब्रॉडवे, होटल हॉलीवुड और होटल माउंटव्यू की जमीन एवं इमारतें शामिल हैं।
ईडी ने यह जांच जम्मू स्थित सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। मामले में पटनीटॉप क्षेत्र के विभिन्न होटल, गेस्ट हाउस, रिसॉर्ट, कॉटेज एवं आवासीय भवनों के मालिकों और निदेशकों के साथ पटनीटॉप विकास प्राधिकरण (पीडीए) के अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
जांच में आरोप सामने आए कि कई प्रतिष्ठानों में आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग किया गया, स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण कराया गया तथा घने वन क्षेत्रों, कृषि भूमि और आवासीय क्षेत्रों जैसे प्रतिबंधित स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की गईं। आरोप है कि इन मामलों में पीडीए के संबंधित अधिकारियों ने नियमों के अनुपालन में हुई अनियमितताओं को नजरअंदाज किया।
सीबीआई ने वर्ष 2023 में आठ होटल मालिकों और पीडीए के कई अधिकारियों के विरुद्ध छह आरोपपत्र दाखिल किए थे। इन मामलों में जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, रणबीर दंड संहिता, पर्यटन व्यापार पंजीकरण अधिनियम, 1978 और जम्मू-कश्मीर वन अधिनियम, 1987 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
ईडी की जांच में सामने आया कि होटल हॉलिडे इन को भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद स्वीकृत नक्शे से अतिरिक्त 7,552.74 वर्ग फुट क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण किया गया। वहीं होटल ब्रॉडवे, होटल हॉलीवुड और होटल माउंटव्यू आवश्यक होटल संचालन अनुमति के बिना व्यावसायिक रूप से संचालित किए जा रहे थे।
ईडी ने इन होटलों की इमारतों, अनधिकृत निर्माण, उनसे संबंधित भूमि तथा अवैध व्यावसायिक गतिविधियों से अर्जित आय के बराबर मूल्य की चिन्हित संपत्तियों को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए अस्थायी रूप से कुर्क किया है।
इससे पहले भी ईडी वर्ष 2025 में दो अलग-अलग अस्थायी कुर्की आदेश जारी कर इसी मामले में 30.72 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद इस मामले में अब तक कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 41.38 करोड़ रुपये हो गया है।


