गौचर मेले का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने किया दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण

गौचर (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जनपद के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति के विविध रंग प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों के व्यापार को बढ़ावा देना था। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न उत्पादों का कारोबार होता था। समय के साथ मेले ने अपना स्वरूप विस्तारित किया और आज यह प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में विशिष्ट पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत के संरक्षण के साथ समाज को जोड़ने का भी काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि चमोली जनपद भगवान बदरी विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की वीरभूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद, दालें और जड़ी–बूटियां देश–दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज‘ ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह उपलब्धि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली के सर्वांगीण विकास के लिए चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। इसके पूर्ण होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अमृत 2.0 के अंतर्गत कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना शामिल है। इसके अलावा गैरसैंण विकासखंड में 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास कार्यों को गति देने के साथ राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


