मुख्यमंत्री धामी ने ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का किया शुभारंभ, 102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
जौलजीबी (पिथौरागढ़)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ जनपद के सीमांत क्षेत्र में काली एवं गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने जौलजीबी मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रूप से जोड़ने का कार्य करता आ रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के इतिहास में इस मेले का विशेष महत्व रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और लोकसंस्कृति को संरक्षित रखने के साथ दोनों देशों के नागरिकों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को करीब से देखा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मेलों के माध्यम से लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले जैसे आयोजन केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और पारंपरिक संबंधों को मजबूत करने का भी काम करते हैं। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध हमारी साझा विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से सीमांत क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागीय गतिविधियों के साथ स्थानीय उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने सहभागिता की। साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत एवं नेपाल के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


