HTML tutorial
HTML tutorial

प्रशिक्षु आरक्षियों को एडीजी वी. मुरुगेशन ने पढ़ाया नशे के खिलाफ जागरूकता का पाठ

प्रशिक्षु आरक्षियों को एडीजी वी. मुरुगेशन ने पढ़ाया नशे के खिलाफ जागरूकता का पाठ
Spread the love

देहरादून। नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने शुक्रवार को पुलिस लाइन देहरादून में प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों को जागरूक किया। उन्होंने नशे के सेवन और अवैध कारोबार से समाज एवं राष्ट्र पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षु आरक्षियों से नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

13 नवंबर को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में एडीजी वी. मुरुगेशन ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार, युवा पीढ़ी और सामाजिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को नशे के विरुद्ध सतर्क एवं सजग रहते हुए समाज में जागरूकता फैलाने और नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के महत्वपूर्ण प्रावधानों, कानूनी प्रक्रियाओं तथा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ/एएनटीएफ परवेज अली ने नशे के अवैध कारोबार की जमीनी हकीकत, मादक पदार्थों की तस्करी के विभिन्न तरीकों और नशा तस्करों के नेटवर्क के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने एसटीएफ एवं एएनटीएफ द्वारा तस्करों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के प्रयासों से भी प्रशिक्षु आरक्षियों को अवगत कराया।

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को नशे के अवैध कारोबार की पहचान, तस्करी के तौर-तरीकों और नशा तस्करों के नेटवर्क के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही कहा कि नशे के विरुद्ध केवल कानूनी कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं और आमजन को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। पुलिस और समाज की सामूहिक भागीदारी से ही नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षु आरक्षियों को पुलिस सेवा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से करने तथा नशे के विरुद्ध अभियान में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देहात जया बलूनी, क्षेत्राधिकारी मसूरी जगदीश पंत, पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली सहित प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles