मांगों की अनदेखी से नाराज पीआरडी जवान 18 नवंबर को निकालेंगे विशाल आक्रोश रैली

मुख्यमंत्री और विभागीय अधिकारियों से वार्ता का समय नहीं मिलने पर संगठन में रोष, परिवार सहित सड़क पर उतरने की चेतावनी
देहरादून। अपनी दो सूत्रीय मांगों पर लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने और शासन स्तर पर वार्ता का समय नहीं मिलने से नाराज प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों ने आंदोलन का ऐलान किया है। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन, उत्तराखण्ड ने आगामी 18 नवंबर 2026 को प्रदेश में विशाल आक्रोश रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है। संगठन ने प्रदेशभर के कार्यरत और सेवा से पृथक किए गए बेरोजगार पीआरडी जवानों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
संगठन के पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक 12 नवंबर को अध्यक्ष संजय सिंह पंवार की अध्यक्षता में उनके आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति और जवानों की दो सूत्रीय मांगों को लेकर शासन एवं सरकार की ओर से की जा रही कथित अनदेखी पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रांतीय महामंत्री गंभीर सिंह रावत ने कहा कि संगठन अपनी न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री, गृह सचिव शैलेश बगोली, विभागीय सचिव अमित सिन्हा और विभागीय मंत्री रेखा आर्य से वार्ता के लिए लगातार समय मांगा जा रहा है। इसके बावजूद अब तक संगठन को वार्ता का अवसर नहीं मिला है और न ही मांगों के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
संगठन मंत्री मदन पाल ने कहा कि शासन और विभागीय स्तर पर लगातार अनदेखी किए जाने से प्रदेश के महिला एवं पुरुष पीआरडी जवानों में भारी आक्रोश है। उन्होंने सभी कार्यरत और सेवा से पृथक किए गए जवानों से 18 नवंबर को प्रस्तावित विशाल आक्रोश रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी दो सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया और वार्ता के लिए समय नहीं दिया तो जवान अपने परिवारों के साथ सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। संगठन ने सरकार से पीआरडी जवानों के हितों और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की है।


