HTML tutorial
HTML tutorial

मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी 100 वाहनों की क्षमता वाली दो मंजिला पार्किंग

मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी 100 वाहनों की क्षमता वाली दो मंजिला पार्किंग
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पौड़ी गढ़वाल जनपद स्थित प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना पर कार्यवाही तेज कर दी गई है। प्रस्तावित पार्किंग की क्षमता करीब 100 वाहनों की होगी, जिससे मंदिर क्षेत्र में यातायात और वाहन पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत श्रीनगर स्थित धारी देवी मंदिर के समीप पार्किंग निर्माण की यह योजना प्रस्तावित है। परियोजना के लिए भूमि चिह्नीकरण और भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पार्किंग निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। प्रस्तावित पार्किंग लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला स्वरूप में विकसित की जाएगी।

परियोजना के लिए चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी कराया जा चुका है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। अब परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से कार्यदायी संस्था नामित करने के संबंध में सचिव आवास को पत्र भेजा गया है।

कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद प्रस्तावित स्थल का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से पार्किंग का संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाना प्रस्तावित है, ताकि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों, मजबूती और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा सके।

भूमि हस्तांतरण परियोजना की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। अभिलेखों में चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है, जिसका वर्तमान प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है। भूमि हस्तांतरण के लिए संबंधित परियोजना से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की कार्यवाही प्रस्तावित है। इसके बाद निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा सकेंगी।

गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्रों में शामिल है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है, जबकि चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान वाहनों की संख्या में काफी वृद्धि हो जाती है। ऐसे में मंदिर के समीप व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग और मंदिर क्षेत्र में सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग से उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को भी कम करने में सहायता मिलेगी।

राज्य सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन स्थलों पर पार्किंग, यातायात और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाना है। मां धारी देवी मंदिर के समीप प्रस्तावित दो मंजिला पार्किंग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण योजना है। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने से पहले भूमि हस्तांतरण, डिजाइन और कार्यदायी संस्था से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं।

देवभूमि खबर

Related articles