HTML tutorial
HTML tutorial

सर्वधर्म की प्रार्थनाओं और केक काटकर मनाया नैनीताल का 185वां जन्मदिन

सर्वधर्म की प्रार्थनाओं और केक काटकर मनाया नैनीताल का 185वां जन्मदिन
Spread the love

संवाददाता। ललित जोशी, नैनीताल।

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल का 185वां जन्मदिन 18 नवंबर को खेल मैदान में हर्षोल्लास और सर्वधर्म सद्भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों, विभागों, सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने केक काटकर एक-दूसरे को नैनीताल के जन्मदिन की बधाई दी और शहर की खुशहाली की कामना की।

ताल चैनल की निदेशक ईशा साह और व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता मारुति नंदन साह के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार प्रार्थना की। हिंदू परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना और यज्ञ किया गया, वहीं सिख, मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोगों ने भी परमात्मा से नैनीताल की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन साह ने कहा कि 18 नवंबर का दिन नैनीताल के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन सभी समुदायों के लोग एक साथ मिलकर शहर की खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल में सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी तालमेल और सद्भाव की परंपरा बनी रहनी चाहिए तथा हर वर्ष इसी उत्साह से शहर का जन्मदिन मनाया जाता रहे।

उन्होंने कहा कि नैनीताल की एक विशेष पहचान यहां चारों धर्मों के प्रमुख धार्मिक स्थल एक-दूसरे के निकट स्थित होना भी है। मां नयना देवी मंदिर के समीप गुरुद्वारा, सामने मस्जिद और पीछे चर्च स्थित है। यह दृश्य शहर की सांप्रदायिक सद्भाव और एकता का प्रतीक है।

उल्लेखनीय है कि नैनीताल की खोज का श्रेय अंग्रेज व्यापारी पीटर बैरन को दिया जाता है। वर्ष 1841 में उन्होंने नैनी झील और आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य से प्रभावित होकर इस क्षेत्र का उल्लेख अपने यात्रा वृत्तांतों में किया, जिसके बाद नैनीताल की पहचान देश-दुनिया में बढ़ी। समुद्र तल से लगभग 1938 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नैनी झील आज भी शहर का प्रमुख आकर्षण है। यहां देश-विदेश से पर्यटक नौकायन और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं।

नैनीताल में नैना देवी मंदिर, टिफिन टॉप, हिमालय दर्शन, चाइना पीक, स्नो व्यू, देव मंदिर, चिड़ियाघर, केव गार्डन और वाटरफॉल सहित अनेक पर्यटन स्थल हैं। शहर की ऐतिहासिक इमारतें आज भी ब्रिटिश काल की याद दिलाती हैं। वर्ष 1880 में आए विनाशकारी भूस्खलन और आपदा ने शहर को गहरा नुकसान पहुंचाया था, जिसमें नैना देवी मंदिर भी क्षतिग्रस्त हुआ था।

जन्मदिन के अवसर पर मारुति नंदन साह ने नैनी झील की स्वच्छता को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झील में प्रदूषित पानी जाने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। बढ़ती आबादी, पर्यटकों के दबाव और लगातार हो रहे निर्माण से शहर की प्राकृतिक सुंदरता पर असर पड़ रहा है। उन्होंने नैनीताल की झील, जंगलों और प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की अपील की।

कार्यक्रम में लोगों ने संकल्प लिया कि नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे को बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

 

देवभूमि खबर

Related articles