HTML tutorial
HTML tutorial

प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में कूड़े के ढेर से मिला महिला का शव, चेहरे और गले पर मिले गहरे घाव

प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में कूड़े के ढेर से मिला महिला का शव, चेहरे और गले पर मिले गहरे घाव
Spread the love

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में जंगल के भीतर कूड़े के ढेर के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद पहचान छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से जंगल में फेंका गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की शाम करीब छह बजे थाना प्रेमनगर को जामुनवाला के जंगल में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक और एफएसएल टीमों को बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने उसके शव की तस्वीर और हाथ पर बने टैटू की तस्वीर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की है। इसके अलावा जनपद के अन्य थानों के साथ ही आसपास के जनपदों और राज्यों से भी गुमशुदा महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी बिधोली ने स्वयं वादी बनकर थाना प्रेमनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष प्रेमनगर द्वारा की जा रही है। वहीं, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की जानकारी जुटा रही हैं। इसी दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है। सीसीटीवी फुटेज में 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से एक संदिग्ध कार गुजरती दिखाई दी है। पुलिस इस कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही महिला की शिनाख्त कर घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

देवभूमि खबर

Related articles