पौड़ी और हरिद्वार के 42 किसानों ने सीखी रेशम उत्पादन की उन्नत तकनीकें

देहरादून। उत्तराखंड में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से केंद्रीय रेशम बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र (आरएसआरएस), सहसपुर की ओर से दो तीन दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार जनपदों के कुल 42 किसानों को शहतूत की उन्नत खेती और वैज्ञानिक तरीके से रेशमकीट पालन का प्रशिक्षण दिया गया।
पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 से 13 नवंबर तक आमसौड़, कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) में आयोजित हुआ, जिसमें 22 किसानों ने प्रतिभाग किया। वहीं दूसरा प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 19 नवंबर तक हरिद्वार जनपद के इक्कड़ में आयोजित किया गया, जिसमें 20 किसान शामिल हुए। दोनों कार्यक्रमों का समन्वयन आरएसआरएस सहसपुर की वैज्ञानिक-बी डॉ. साक्षी वैष्णव ने रेशम निदेशालय, उत्तराखंड के अधिकारियों के सहयोग से किया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को शहतूत की उन्नत खेती के विभिन्न वैज्ञानिक पहलुओं की जानकारी दी गई। इसमें गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने के लिए पौधशाला प्रबंधन, भूमि की तैयारी, पौध रोपण, छंटाई, शाखाओं का प्रबंधन, संतुलित पोषक तत्वों का उपयोग और सिंचाई की आधुनिक तकनीकें शामिल रहीं। किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाली शहतूत की पत्तियों का लगातार उत्पादन करने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रेशमकीट पालन के प्रशिक्षण में कीटों की प्रारंभिक एवं विकसित अवस्थाओं की देखभाल, तापमान और आर्द्रता का उचित प्रबंधन, कीटपालन गृह की स्वच्छता तथा उपकरणों के विसंक्रमण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही रेशमकीटों में होने वाले प्रमुख रोगों की पहचान, बचाव और रोकथाम के उपाय भी बताए गए, ताकि रोगों के कारण होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
किसानों को गुणवत्तापूर्ण रेशम कोया उत्पादन के लिए परिपक्व रेशमकीटों की देखभाल, माउंटेज के चयन और अनुकूल वातावरण तैयार करने की तकनीकों से भी अवगत कराया गया। इसके अलावा कोयों की गुणवत्ता जांचने, छंटाई, श्रेणीकरण, भंडारण और विपणन की आधुनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर उत्पादन लागत कम करने के साथ बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त किया जा सकता है।
दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समापन पर किसानों के ज्ञान और कौशल का मूल्यांकन किया गया तथा प्रशिक्षण की उपयोगिता के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया भी ली गई। सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर और रेशम निदेशालय, उत्तराखंड की इस संयुक्त पहल से किसानों को रेशम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इससे प्रदेश में शहतूत आधारित रेशम उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण आजीविका मजबूत होने, उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार और किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद है।


