गोविंदगढ़ में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, मुख्यमंत्री और तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग

देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के गोविंदगढ़ मुख्य बाजार में आज कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर और पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से जनसंपर्क कर सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर करने की अपील की गई। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन जताया।
कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा मंत्री रेखा आर्या, गणेश जोशी और धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने संबंधित मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की
इस अवसर पर अभिनव थापर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों, अनियमितताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश की जनता सरकार से जवाब चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित मामलों में जिम्मेदारी तय करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कहा कि जिन मंत्रियों पर आरोप लगे हैं, उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए और जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल ने कहा कि कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को एकजुट कर रही है। आगामी 26 नवंबर को पार्टी हस्ताक्षरों के साथ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के इस्तीफे की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पारदर्शिता और जवाबदेह शासन के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।
अभियान में कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के महानगर अध्यक्ष गुरचरण कौशल, वार्ड अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह जस्सल, अमृता कौशल, पवन चौहान, कृष्णा देवी, उमा, मिथलेश रानी, संजय प्रजापति, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव जतिन कौशल, यमुना कॉलोनी ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्य कौशल, राहुल, संजय, प्रेम चंद शर्मा, आशीष मिश्रा, याकूब अली और नीरज गोस्वामी सहित स्थानीय नागरिक, व्यापारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


