एडीजी कारागार ने मुख्य सचिव से की शिष्टाचार भेंट, की बंदियों के सुधार व पुनर्वास के लिए बैठक की मांग
देहरादून। अपर पुलिस महानिदेशक कारागार, अभिनव कुमार ने आज उत्तराखण्ड शासन के मुख्य सचिव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग द्वारा शासन की नीति के तहत बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी।
अपर पुलिस महानिदेशक ने मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड शासन की नीति और दिशा-निर्देशों के अनुरूप कारागार विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएगा। साथ ही, उन्होंने मुख्य सचिव से कारागार विभाग की नीतियों और कार्यक्रमों पर एक समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी अनुरोध किया, ताकि विभागीय कार्यों में सुधार हेतु मुख्य सचिव का मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सके।

