महंगे शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, एमडीएमए तस्करी में छह गिरफ्तार

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाइप्रोफाइल ड्रग एमडीएमए की तस्करी में लिप्त छह आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमत की 44.61 ग्राम एमडीएमए, एक कार और नशे की पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाले 12 पॉलिथीन पैकेट बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना राजपुर और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 22 सितंबर की रात अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान शहंशाई रिजॉर्ट, ओल्ड मसूरी रोड के पास मुखबिर की सूचना पर एक कार से चार आरोपियों वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगांई और चिराग रस्तोगी को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 27.12 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद हुई। वहीं सहस्रधारा हेलीपैड के पास से अभिषेक थापा और वैभव ममगांई को 17.49 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद कुल 44.61 ग्राम एमडीएमए की अनुमानित कीमत करीब चार लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों में रहते हैं और देहरादून सहित अन्य राज्यों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से तकनीकी पाठ्यक्रम कर रहे हैं। आरोपी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते हैं और उसके गिरोह के पैडलर हैं। सिद्धार्थ दिल्ली का रहने वाला है। उसके या उसके एजेंटों द्वारा समय-समय पर देहरादून आकर आरोपियों को एमडीएमए उपलब्ध कराई जाती थी। आरोपी कभी-कभी सिद्धू के कहने पर दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी उससे एमडीएमए तथा अन्य मादक पदार्थ लेकर देहरादून आते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एमडीएमए को विशेष रूप से महंगे दामों पर कॉलेज के छात्रों को बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने महंगे शौकों को पूरा करने के लिए नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल हुए थे। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी अच्छे परिवारों से हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान निवासी देवलोक कॉलोनी, नालापानी रोड, रायपुर, उम्र 21 वर्ष, रचित शर्मा निवासी लाडपुर, रायपुर, उम्र 21 वर्ष, श्रीकांत पुत्र राजीव निवासी आरके पुरम, लोअर अधोईवाला, उम्र 22 वर्ष, चिराग रस्तोगी निवासी तपोवन रोड नालापानी, रायपुर, उम्र 24 वर्ष, अभिषेक थापा निवासी लाडपुर, रायपुर, उम्र 21 वर्ष और वैभव ममगांई निवासी आमवाला, रायपुर, देहरादून, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम एमडीएमए, वाहन संख्या यूके 07 डीई 4167 इग्निस कार और 12 पॉलिथीन पैकेट बरामद किए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजपुर उपनिरीक्षक पीडी भट्ट, चौकी प्रभारी आईटी पार्क उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, उपनिरीक्षक अनित कुमार, कांस्टेबल अमित, मुकेश, राज सिंह, संजीत और रविंदर शामिल रहे। एएनटीएफ टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र गुप्ता, हेड कांस्टेबल गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल नरेंद्र पुरी, कांस्टेबल मुस्तकीम, गौरव, जितेंद्र (एसओजी), सोनी कुमार (एसओजी) और विपिन कुमार (एसओजी) शामिल रहे।
