92 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाली फर्जी को-ऑपरेटिव सोसाइटी का एक और सरगना दिल्ली से गिरफ्तार

92 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाली फर्जी को-ऑपरेटिव सोसाइटी का एक और सरगना दिल्ली से गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड पुलिस ने 92 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाली THE LONI URBAN MULTI STATE CREDIT & TREFT CO-OPERATIVE SOCIETY (LUCC) से जुड़े एक और फरार अभियुक्त चन्दन राम राज पुरोहित को दिल्ली के शास्त्री नगर से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पौड़ी पुलिस पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

दिनांक 01.06.2024 को कोटद्वार निवासी तृप्ति नेगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि LUCC सोसाइटी की दुगड्डा शाखा के मैनेजर विनीत सिंह और कैशियर प्रज्ञा रावत ने उनके पैसे तो ले लिए लेकिन उन्हें न कोई बॉन्ड दिया और न ही जमा की गई राशि की कोई आधिकारिक जानकारी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कोटद्वार में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि इस फर्जी को-ऑपरेटिव सोसाइटी ने निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की। इस मामले में अब तक 6 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

पुलिस टीम को चन्दन राम राज पुरोहित की दिल्ली में छिपे होने की सूचना मिली थी। अभियुक्त लगातार अपना ठिकाना और मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। आखिरकार पुलिस ने उसे शास्त्री नगर, दिल्ली में किराए के घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का स्थायी पता खेतेश्वर मोहल्ला, वार्ड न. 14, बालउत्तराई, बाड़मेर, राजस्थान है, जबकि दूसरा पता लोखंडवाला, अंधेरी वेस्ट, मुंबई है।

इससे पहले पुलिस ने उर्मिला बिष्ट (45 वर्ष), जगमोहन सिंह बिष्ट (51 वर्ष), प्रज्ञा रावत (25 वर्ष), विनीत सिंह (37 वर्ष) और गिरीश चंद्र बिष्ट (59 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। पुलिस अब इस घोटाले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है और निवेशकों से ठगे गए पैसे की रिकवरी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने एक और सफलता हासिल की है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि इस तरह की धोखाधड़ी से बचें और संदिग्ध वित्तीय योजनाओं में निवेश करने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें।

देवभूमि खबर

Related articles