बीआरपी-सीआरपी भर्ती में देरी पर शिक्षा मंत्री ने जताई नाराजगी, शीघ्र नियुक्ति के दिए निर्देश

बीआरपी-सीआरपी भर्ती में देरी पर शिक्षा मंत्री ने जताई नाराजगी, शीघ्र नियुक्ति के दिए निर्देश
Spread the love

देहरादून।समग्र शिक्षा के अंतर्गत ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) और संकुल रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) भर्ती प्रक्रिया में देरी पर उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए प्रयाग पोर्टल में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए ताकि लंबित भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि बीआरपी के 285 और सीआरपी के 670 रिक्त पदों पर भर्ती न होने से विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सचिवालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें प्रयाग पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग को शासनादेश में संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. रावत ने कहा कि पोर्टल की खामियां दूर होते ही एक माह के भीतर चयनित अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर तैनाती दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अन्य सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि प्रक्रिया में और कोई देरी न हो।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि बीआरपी-सीआरपी की नियुक्ति से विद्यालयों में अनुश्रवण कार्यों में तेजी आएगी और वर्तमान में इस कार्य में लगे सैकड़ों शिक्षकों को मुक्त किया जा सकेगा। इससे विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को अधिक लाभ मिलेगा।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य में 2500 चतुर्थ श्रेणी पदों की भर्ती भी प्रयाग पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों के कारण अटकी हुई है। राज्य कैबिनेट से भर्ती की अनुमति मिल चुकी है, लेकिन पोर्टल की विसंगतियों के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान होते ही भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles