लोक समस्या निवारण कैंप में अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

मंगलौर । नगर पालिका परिषद मंगलौर के पुराने भवन में शुक्रवार को आयोजित लोक समस्या निवारण कैंप में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कैंप के दौरान पेंशन, राशन कार्ड, तालाब पर अतिक्रमण सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी करीब 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपाध्यक्ष ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तीन विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर फरजाना बेगम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में अधिकारियों की समय पर उपस्थिति और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया बेहद आवश्यक है।
उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उसकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मोहियुद्दीन अंसारी, अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी, अंकित रमोला, पहल सिंह, अनीता, महेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

