उत्तराखंड में नदी हादसों में तीन शव बरामद, SDRF के सर्च अभियान में डूबे युवक, किशोरी समेत अज्ञात व्यक्ति का मिला शव

उत्तराखंड में नदी हादसों में तीन शव बरामद, SDRF के सर्च अभियान में डूबे युवक, किशोरी समेत अज्ञात व्यक्ति का मिला शव
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियानों के दौरान राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने डूबे युवक और किशोरी समेत तीन शव बरामद किए हैं। सभी मामलों में शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

08 जून 2026 को थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के तपोवन स्थित साईं घाट पर स्नान के दौरान गंगा नदी में डूबे 20 वर्षीय श्याम जांगिड़ निवासी जोधपुर, राजस्थान की तलाश में SDRF लगातार सर्च अभियान चला रही थी। शुक्रवार को अभियान के दौरान टीम ने उसका शव पशुलोक बैराज से बरामद किया। मौके पर मौजूद परिजनों ने शव की शिनाख्त श्याम जांगिड़ के रूप में की। इसके बाद SDRF ने शव को नदी से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया, जहां से उसे एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी भेजा गया।

इसी अभियान के दौरान SDRF को पशुलोक बैराज क्षेत्र से एक अन्य अज्ञात पुरुष का शव भी मिला। टीम ने शव को बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। प्रथम दृष्टया शव लगभग 8 से 10 दिन पुराना बताया जा रहा है तथा मृतक की आयु करीब 30 से 35 वर्ष आंकी गई है। शव की पहचान के लिए आसपास के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों को सूचना भेज दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है।

वहीं, विकासनगर क्षेत्र के भीमावाला के समीप यमुना नदी में डूबी 17 वर्षीय किशोरी देवी, पुत्री नागराज, निवासी मार्टिनडेल, नवाबगढ़ का शव भी SDRF ने बरामद कर लिया। शुक्रवार दोपहर डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने के बाद पोस्ट प्रभारी डाकपत्थर अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और प्रशिक्षित डीप डाइवर्स की मदद से सर्च अभियान चलाया। गहन खोजबीन के बाद किशोरी का शव नदी से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।

देवभूमि खबर

Related articles