जागरूकता ही सुरक्षा है: कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल
देहरादून। दून विश्वविद्यालय के जैविक विज्ञान विभाग में बुधवार को “स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम एवं विज्ञान प्रदर्शनी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना रहा।
कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव और लापरवाही के कारण यह रोग आज भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए छात्रों और प्राध्यापकों को समाजहित में नवाचार करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि वक्ता डॉ. ध्रुव कुमार (यूपीईएस, देहरादून) और डॉ. राजलक्ष्मी मुंद्रा (एम्स, ऋषिकेश) ने समय पर पहचान और वैज्ञानिक अनुसंधान की महत्ता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विभागाध्यक्ष डॉ. अचलेश डावेरे ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
दिनभर चले कार्यक्रम में भाषण, विज्ञान क्विज़, मॉडल और पोस्टर प्रदर्शनी जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित हुईं। लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कुलपति प्रो. डंगवाल ने विजेताओं को ट्रॉफी व पदक प्रदान किए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक एवं जैविक विज्ञान विभाग के सभी फैकल्टी मेंबर्स मौजूद रहे। आयोजन में छात्रों रितिक यादव, निखिल बिनवाल, दिव्यांश जोशी और मनीषा रंगरह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन टीम ने कुलपति और प्राध्यापकों का आभार जताया जिनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
