श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, धामों से लेकर कार्यालयों व विद्यालयों तक गूंजा देशभक्ति का उत्साह
देहरादून/श्री बदरीनाथ/श्री केदारनाथ धाम।श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने 79वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उल्लास और धूमधाम से मनाया। श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, जोशीमठ, उखीमठ, देहरादून सहित सभी संस्कृत विद्यालयों, महाविद्यालयों, यात्री विश्राम गृहों और अधीनस्थ मंदिर कार्यालयों में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अमर सपूतों के बलिदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए और राष्ट्र के विकास में भागीदार बनना हम सभी का कर्तव्य है।
जोशीमठ स्थित प्रधान कार्यालय में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने झंडारोहण किया और 15 वरिष्ठ महिला नागरिकों को सम्मानित किया, जिन्होंने आजादी से पहले और बाद का समय देखा है। सम्मानित महिलाओं में बसंती देवी, शांति देवी, सुरमा देवी, सुंदरी रमा देवी, ज्ञानेश्वरी देवी, सत्येश्वरी देवी, रूक्मिणी देवी, रामेश्वरी देवी, जानकी देवी, नारायणी देवी, शिवी देवी, गीता देवी, जानकी खंडूड़ी, सत्येश्वरी सकलानी आदि शामिल थीं।
श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने झंडारोहण किया, जबकि संस्कृत महाविद्यालय शोणितपुर लंबगोडी (रुद्रप्रयाग) में बीकेटीसी सदस्य व वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने ध्वजारोहण किया। बीकेटीसी देहरादून कार्यालय में मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने झंडारोहण करते हुए सभी को कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
श्री बदरीनाथ धाम में रावल अमरनाथ नंबूदरी और प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी ने संयुक्त रूप से झंडारोहण किया। श्री केदारनाथ धाम में बीकेटीसी सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती ने ध्वजारोहण किया। चमोली के विधि कार्यालय एवं यात्री विश्राम गृह में बीकेटीसी विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल ने झंडारोहण किया।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, विद्यापीठ फार्मेसी रुद्रप्रयाग, विभिन्न संस्कृत विद्यालयों, महाविद्यालयों, और यात्री विश्राम गृहों में भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित हुए। भविष्य बदरी मंदिर सुभाई तपोवन, द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ सहित मंदिर समिति के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में भी तिरंगा फहराया गया।
कार्यक्रमों में बीकेटीसी के अधिकारी-कर्मचारी, पुजारीगण, वेदपाठी, पुलिस, एसडीआरएफ, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

