बालाजी ज्वैलर्स डकैती का पर्दाफाश, मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर, दो अन्य गिरफ्तार
देहरादून।हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में 1 सितंबर 2024 को श्री बालाजी ज्वैलर्स में दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना का खुलासा हो गया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को ढेर कर दिया, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस डकैती के पीछे सतेंद्र पाल उर्फ लक्की नामक शातिर अपराधी का हाथ था, जिसे मुठभेड़ में मार गिराया गया। सतेंद्र पाल पर पहले से ही 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था, और उसका आपराधिक इतिहास पंजाब और हिमाचल प्रदेश में फैला हुआ था।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा कि
डकैती की घटना के तुरंत बाद, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने स्वयं घटना स्थल पर जाकर जांच की और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार को मामले की जांच का जिम्मा सौंपा। पुलिस महानिदेशक ने एसटीएफ की टीम को भी घटना की तह तक जाने और दोषियों को पकड़ने के निर्देश दिए। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक द्वारा लगातार की जा रही थी।
दिनांक 15 सितंबर 2024 की रात करीब 10:30 बजे, थानाध्यक्ष बहादराबाद अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान लोहा पुल की तरफ से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल आई, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, और भगवानपुर रोड पर ब्रेकर के पास उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। बदमाशों ने मोटरसाइकिल छोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फिर से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बदमाश की पहचान सतेंद्र पाल उर्फ लक्की के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा बरामद बैग में श्री बालाजी ज्वैलर्स से लूटी गई ज्वैलरी मिली। सतेंद्र पाल के पास से बरामद मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान हुई। वह पंजाब के मुक्तसर का रहने वाला था और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
आज, 16 सितंबर 2024 को, ज्वालापुर पुलिस ने डकैती में शामिल दो अन्य आरोपियों, गुरदीप सिंह उर्फ मोनी और जयदीप सिंह उर्फ माना को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को ख्याति ढाबा के पास से गिरफ्तार किया गया, और उनके पास से डकैती में लूटी गई आठ सोने की चेन बरामद की गई।कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 50 लाख रुपये है।
सतेंद्र पाल उर्फ लक्की पर पंजाब और हिमाचल प्रदेश में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उसकी पहचान एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, और अन्य गंभीर अपराधों के लिए की गई थी।
पुलिस अन्य दो फरार आरोपियों, सुभाष निवासी दिल्ली और अमन निवासी पंजाब, की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस महानिदेशक ने सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा की है।

