₹54 लाख के बैंक गबन का खुलासा, बैंक कैशियर गिरफ्तार

टिहरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने लगभग 54 लाख रुपये के बैंक गबन के मामले का खुलासा करते हुए उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी हस्ताक्षरों और फर्जी निकासी वाउचरों के माध्यम से खाताधारकों के खातों से लाखों रुपये की अवैध निकासी की थी।
पुलिस के मुताबिक, 30 जून 2026 को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के शाखा प्रबंधक ने थाना छाम में ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए करीब 54 लाख रुपये के गबन की सूचना दी थी। बैंक की आंतरिक ऑडिट और जांच समिति में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धनराशि निकाल ली।
शिकायत के आधार पर थाना छाम में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बैंक अभिलेखों, निकासी वाउचरों, खातों के लेन-देन, बैंक स्टेटमेंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में यह भी सामने आया कि गबन की गई धनराशि का एक हिस्सा आरोपी ने अपने निजी खाते और अपने रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित किया था।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 2 जुलाई 2026 को देहरादून स्थित आरोपी के आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब गबन की पूरी धनराशि, फंड फ्लो और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि आर्थिक अपराध केवल धन की चोरी नहीं, बल्कि जनता के विश्वास पर भी सीधा आघात हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिहरी पुलिस आर्थिक अपराधों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है और चाहे आरोपी किसी भी पद पर हो, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में थानाध्यक्ष छाम उपनिरीक्षक दिलबर सिंह नेगी, उपनिरीक्षक मनवीर सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक जुगल किशोर भट्ट, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंवरवीर सिंह, कांस्टेबल मुकेश भट्ट तथा कांस्टेबल नीलम राठौर शामिल रहे।

