HTML tutorial
HTML tutorial

73 करोड़ के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, ब्रूफोर्स टेक्नोलॉजीज का प्रबंध साझेदार गिरफ्तार

73 करोड़ के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, ब्रूफोर्स टेक्नोलॉजीज का प्रबंध साझेदार गिरफ्तार
Spread the love

भुवनेश्वर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मेसर्स ब्रूफोर्स टेक्नोलॉजीज के प्रबंध साझेदार बलबीर सिंह मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है। ईडी के भुवनेश्वर क्षेत्रीय कार्यालय ने उन्हें 12 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत गिरफ्तार किया। भुवनेश्वर की विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोपी को 19 नवंबर 2026 तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।

ईडी ने यह जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी), भुवनेश्वर द्वारा मेसर्स एसआर एल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स ब्रूफोर्स टेक्नोलॉजीज और अन्य के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2013-14 में मेसर्स एसआर एल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड ने बिहार के नालंदा में शराब बनाने का कारखाना स्थापित करने के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन बैंक (पूर्ववर्ती इलाहाबाद बैंक) के बैंक समूह से 73 करोड़ रुपये का सावधि ऋण प्राप्त किया था। आरोप है कि कंपनी ने प्रस्तावित कारखाना स्थापित करने के बजाय ऋण की अधिकांश धनराशि मेसर्स ब्रूफोर्स टेक्नोलॉजीज को हस्तांतरित कर दी और उसका दुरुपयोग किया। इससे संबंधित बैंकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

ईडी की जांच के अनुसार, ब्रूफोर्स टेक्नोलॉजीज को ऋण की कुल राशि में से लगभग 80 प्रतिशत यानी 55.67 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। हालांकि, कंपनी ने इसके एवज में निर्धारित उपकरण और मशीनरी की आपूर्ति नहीं की। जांच एजेंसी का आरोप है कि ऋण की धनराशि को निजी लाभ के लिए अन्यत्र हस्तांतरित कर उसका गबन किया गया।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि बलबीर सिंह मल्होत्रा द्वारा एसआर एल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड को कथित तौर पर आपूर्ति की गई सामग्री और उपकरणों की बैंक द्वारा नीलामी किए जाने पर मात्र आठ लाख रुपये प्राप्त हुए। इस प्रकार न तो संबंधित धनराशि बैंक ऋण लेने वाली कंपनी को वापस की गई और न ही उसके अनुपात में आवश्यक सामग्री एवं उपकरणों की आपूर्ति की गई।

ईडी इससे पहले धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 की धारा 17 के तहत तलाशी अभियान भी चला चुकी है। इस दौरान मामले से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे। एजेंसी के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles