पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोटद्वार में 6 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी सीज
कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशों के क्रम में जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लाख रुपये कीमत की 19.2 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमन कुमार निवासी गोविन्दनगर काशीरामपुर मल्ला, कोटद्वार एवं मयंक बिष्ट निवासी सूर्यनगर नजीबाबाद रोड, कोटद्वार (हाल पता- मोलरबंद, दक्षिणी दिल्ली) शामिल हैं।
18 मई को अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री चन्द्र मोहन सिंह और क्षेत्राधिकारी श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार और सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक जयपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस व सीआईयू की टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कोटद्वार रेलवे फाटक के पास स्कूटी (HR26DX-5774) सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर अमन के पास से 11 ग्राम और मयंक के पास से 8.2 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर बरामद माल सील करते हुए स्कूटी को भी सीज किया। इनके खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं, जिन पर जनपद पुलिस पूरी तत्परता से अमल कर रही है।

