विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 को सफल बनाने को उत्तराखंड तैयार :गणेश जोशी
देहरादून। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक में उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअल रूप से प्रतिभाग किया। बैठक का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और केंद्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा किया गया, जिसमें देशभर के सभी राज्यों के कृषि मंत्री जुड़े।
बैठक में आगामी 29 मई से 12 जून 2025 तक चलने वाले “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की रणनीति और क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय मंत्री ने सभी राज्यों से इस अभियान को गंभीरता से लेकर अधिक से अधिक किसानों तक लाभ पहुंचाने की अपील की।
बैठक में गणेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड में वर्ष 2007 से खरीफ और रबी सत्रों के दौरान “कृषि महोत्सव” का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें प्रदेश की 670 न्याय पंचायतों में कृषि रथ के जरिए वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों की टीम किसानों से सीधा संवाद करती है और योजनाओं व तकनीकों की जानकारी देती है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में भी यह अभियान पूरी सक्रियता से चलाया जाएगा ताकि अधिकतम किसानों को लाभ मिल सके। साथ ही राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने अभियान की अवधि बढ़ाने और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए “घेरबाड़ योजना” में केंद्र सरकार से सहयोग की मांग की।
यह 15 दिवसीय अभियान किसानों को टिकाऊ खेती, खरीफ फसल प्रबंधन, पशुपालन, मत्स्यपालन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के उपयोग आदि विषयों में जागरूक करने के साथ-साथ फीडबैक के माध्यम से अनुसंधान को दिशा देने का कार्य करेगा।
बैठक में कृषि सचिव एस.एन. पांडे, कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि कैसी पाठक, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार और जैविक बोर्ड के एमडी विनय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

