ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 लाख से अधिक की स्मैक बरामद, 3 नशा तस्कर गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 05 लाख रुपये से अधिक की स्मैक बरामद कर 03 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई में कोतवाली कुंडा पुलिस ने ठाकुरद्वारा बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया। अभियुक्त समीर खान (24 वर्ष) और अजीम (26 वर्ष), निवासी फतेहउल्लागंज, मुरादाबाद के कब्जे से कुल 8.09 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। दोनों बिना नम्बर प्लेट मोटरसाइकिल से स्मैक का परिवहन कर रहे थे। इस संबंध में थाना कुंडा में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में कोतवाली बाजपुर पुलिस ने बन्नाखेड़ा-बरहेनी रोड पर चेकिंग के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त बाबी सिंह (21 वर्ष), निवासी बन्नाखेड़ा, के पास से 19.62 ग्राम अवैध स्मैक, एक अपाचे RR 310 मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 139/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इन दोनों कार्रवाइयों में पुलिस टीमों ने सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए नशा तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में अवैध नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

