उत्तराखंड में पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 15 मई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Spread the love

देहरादून। प्रदेश के राजकीय एवं निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्राविधिक शिक्षा विभाग ने विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में दाखिले हेतु इच्छुक छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 15 मई 2026 निर्धारित की गई है।

संयुक्त निदेशक मुकेश पाण्डे ने बताया कि “पॉलिटेक्निक चलो अभियान-2026” के तहत युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) में प्रतिभाग कर सकते हैं।

इस वर्ष केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस, सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन एंड रोबोटिक्स, आईटी, कम्युनिकेशन नेटवर्किंग एवं फार्मेसी सहित लगभग 40 रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं।
विशेष बात यह है कि पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारकों को बीटेक पाठ्यक्रमों में लैटरल एंट्री के माध्यम से सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही 12वीं और आईटीआई उत्तीर्ण छात्र भी निर्धारित मानकों के अनुसार द्वितीय वर्ष में प्रवेश ले सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

प्रदेश में कुल 71 राजकीय, 1 अनुदानित और 85 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। छात्राओं के लिए प्रत्येक वर्ग में 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है तथा अधिकांश संस्थानों में महिला छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है।
विभाग द्वारा पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण छात्रों के लिए रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल सकें।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने सभी छात्रों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है।

देवभूमि खबर

Related articles