स्वच्छता अभियान में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, हरिद्वार के 6 एडीओ (पंचायत) के वेतन पर रोक
हरिद्वार जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यों में शिथिलता और आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध न कराने के चलते जनपद के सभी छह सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) के मई 2026 माह के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अपेक्षित सूचनाएं समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही थीं। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान एवं कूड़ा निस्तारण से जुड़ी व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी में भी गंभीर लापरवाही पाई गई।
उन्होंने बताया कि स्वजल योजना के अंतर्गत विकास खंडों को उपलब्ध कराए गए वाहनों का रोस्टर के अनुसार उपयोग सुनिश्चित नहीं किया गया। वहीं ग्राम पंचायतों में सूखे कूड़े के संग्रहण संबंधी आदेशों के पालन और उनकी निगरानी में भी कमी पाई गई। नियमित सूचनाएं उपलब्ध न होने के कारण प्रशासनिक कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने छहों सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) के वेतन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी स्वच्छता अभियान और अन्य विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

