मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का किया निरीक्षण, महिला समूहों और मेधावी छात्रों का बढ़ाया उत्साह

उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने तीन दिवसीय सीमांत जनपद उत्तरकाशी भ्रमण के पहले दिन सामरिक एवं नागरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं और विस्तार योजनाओं की जानकारी लेते हुए एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को हवाई पट्टी से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन के साथ-साथ आपातकालीन बचाव, आपदा प्रबंधन और विशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
इसके बाद मुख्य सचिव विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन’ तुल्याड़ा के संग्रहण केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से सीधे संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों और अनुभवों की जानकारी ली। महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन करते हुए उन्होंने महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।
क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिलाओं ने बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई केंद्र, सौंदर्य केंद्र, खानपान सेवा, खेती, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पादों एवं अचार निर्माण सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी मुख्य सचिव को दी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत भी मौजूद रहे।
इसके उपरांत मुख्य सचिव ने विकासखंड डुंडा स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य सचिव ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया तथा शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शुभम को सम्मानित किया गया। गृह परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश और अस्मित को भी सम्मानित किया गया।
परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को भी मुख्य सचिव ने उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, क्षेत्राधिकारी चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
