रामनगर पुलिस ने लगभग 4 लाख के जेवरात सहित 02 शातिर चोर किए गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद

रामनगर पुलिस ने लगभग 4 लाख के जेवरात सहित 02 शातिर चोर किए गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद
Spread the love

रामनगर। थाना रामनगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का नैनीताल पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3.5 से 4 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 को उर्मिला पत्नी संजय सिंह निवासी शीतल कुंज, पीरूमदारा, रामनगर ने थाना रामनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से सोने एवं चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। मामले में थाना रामनगर में एफआईआर संख्या-153/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए लगभग 55 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान 23 मई 2026 को पीलीकोठी नारायणपुर मालधन चौड़ स्थित तुमड़िया डैम के बांध पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी में आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने एवं चांदी के आभूषण बरामद हुए। मौके पर पहुंची वादिनी ने बरामद गलोबंद, मंगलसूत्र, मांगटीका और चांदी के बिछुओं की पहचान अपने चोरी गए सामान के रूप में की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या UK18-9833 भी बरामद की है। बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और चोरी, लूट सहित किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles