बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी समेत तीन और गिरफ्तार

बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी समेत तीन और गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने सहसपुर क्षेत्र के चर्चित बैरागीवाला हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी अमन सहित तीन फरार अभियुक्तों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक पुलिस कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई थी।

घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में लगातार दबिश देने के निर्देश दिए थे।

लगातार की गई सुरागरसी और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने 2 जुलाई को मुख्य आरोपी अमन तथा उसके दो साथियों सावेज और आजम को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले पुलिस इस मामले में रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतजार को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में कोतवाली सहसपुर और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, एसओजी प्रभारी खुशीराम पांडे, उपनिरीक्षक विनोद राणा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles