बाजपुर में नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, एसटीएफ की छापेमारी में लाखों टैबलेट, हजारों सिरप और अवैध शराब बरामद

देहरादून/बाजपुर। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े नकली दवा सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित एक फैक्ट्री पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली एलोपैथिक दवाइयां, जीवन रक्षक औषधियां, पैकेजिंग मशीनें, अवैध अंग्रेजी शराब तथा आबकारी होलोग्राम बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी धीरेन्द्र पुत्र ब्रहम सिंह को गिरफ्तार किया गया।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट, औषधि प्रशासन विभाग, स्थानीय पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने औद्योगिक क्षेत्र बाजपुर स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या एफ-13 एवं एफ-14) में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि अभियुक्त बिना वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma सहित कई नामी कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयों का निर्माण एवं पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।
एसटीएफ के अनुसार फैक्ट्री और एनएच-74 स्थित गोदाम से लगभग एक लाख टैबलेट और 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें बरामद की गईं। इनमें अम्लता, एंटीबायोटिक, दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट संबंधी रोग, कैल्शियम, विटामिन तथा आयरन सप्लीमेंट जैसी महत्वपूर्ण दवाइयां शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान ALKASOL, CEFIFINE-200, VELTAM, NIMUFIN, SUNCLAV, RUBIRED Suspension, OSTOCALCIUM B12 Suspension, VELTAM Plus, GABAPIN तथा SOMPRAZ सहित बड़ी मात्रा में नकली दवाइयां बरामद हुईं। इसके अलावा मैकडॉवेल नंबर-1 के 1,632 क्वार्टर, चंडीगढ़ मार्क की 1,016 शराब की बोतलें, उत्तराखण्ड आबकारी के होलोग्राम, रैपर, ढक्कन और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब मंगाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। मौके से दवाइयों के निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त एसएस टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अवैध शराब की बरामदगी के संबंध में उत्तराखण्ड आबकारी अधिनियम के तहत भी अलग से कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विस्तृत विवेचना की जा रही है।

