एमडीडीए कार्यालय में लगा रक्तदान शिविर, 43 यूनिट रक्त संग्रहित; बंशीधर तिवारी ने कर्मचारियों से की स्वैच्छिक रक्तदान की अपील

देहरादून। अपर सचिव मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के कार्यालय में सोमवार को मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 43 यूनिट रक्तदान किया।
इस अवसर पर एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से निसंकोच होकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है और समाज में सेवा की भावना को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में समाजसेवी, राज्य आंदोलनकारी एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि एमडीडीए उपाध्यक्ष द्वारा कार्यालय परिसर में इस तरह का आयोजन एक प्रेरणादायक पहल है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि जिस प्रकार एमडीडीए कार्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है, उसी तरह अन्य सरकारी कार्यालयों में भी नियमित रूप से ऐसे शिविर लगाए जाएं। उनका कहना था कि इससे जरूरतमंद मरीजों को अल्प समय में रक्त उपलब्ध हो सकेगा और अनेक परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां आएंगी।
मोहन खत्री ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि जीवनदान के समान है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज के लिए नई जिंदगी का कारण बन सकता है और यही मानवीय सेवा का सबसे बड़ा स्वरूप है।
शिविर में वंश मौर्य, सौरभ सकलानी, चंदन सिंह बिष्ट, अनुज, सौर्य, पुष्पा, अंजलि, सुनीता सहित अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजन के अंत में कुल 43 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे विभिन्न जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा।

