केतन लाल के परिजनों से मिले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, बोले— दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा

प्रतापनगर (टिहरी)। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के बके देवल गांव, ओण पट्टी में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कांग्रेस नेताओं के साथ स्वर्गीय केतन लाल के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
शोक संतप्त परिवार से बातचीत के दौरान यशपाल आर्य ने कहा कि एक युवा बेटे का असमय इस दुनिया से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केतन लाल के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए तथा जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ बिना किसी दबाव के कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यशपाल आर्य ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि निर्दोष परिवारों का उजड़ना और अपराधियों के हौसले बुलंद होना किसी भी सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए दोषियों को शीघ्र सजा मिलनी आवश्यक है।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने घायल युवक दिवाकर डिमरी के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवाकर जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटें।
कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय की इस लड़ाई को अंतिम परिणाम तक जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष टिहरी मुरारी लाल खंडवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा, हरिद्वार कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, कुंदन सिंह राणा, श्यामलाल शाह, कपिल जोशी, दिनेश लाल, ज्ञान सिंह, रोशन लाल नौटियाल, डॉ. राकेश लाल, मय चंद रमोला, शिव सिंह पोखरियाल, मेहताब सिंह थलवाल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

