जितेन्द्र आत्महत्या प्रकरण पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जताया गहरा दुःख,कहा, दोषियों को किसी भी सूरत में न बख्शा जाय, पीड़ितों को मिले न्याय
पौड़ी। पौड़ी जनपद के तलसारी गांव निवासी जितेंद्र कुमार की आत्महत्या की घटना पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुःखद बताते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
डॉ. रावत ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में दोषी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मामले की त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी से बातचीत की और पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ देखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बचने नहीं दिया जाएगा।
डॉ. रावत ने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय प्रशासन को मृतक के परिजनों को सुरक्षा प्रदान करने और हर स्तर पर सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

