महिला अधिवक्ता के मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न के आरोप में केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज

महिला अधिवक्ता के मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न के आरोप में केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज
Spread the love

देहरादून। कोतवाली नगर पुलिस ने एक महिला अधिवक्ता की शिकायत पर केशव थलवाल नामक व्यक्ति के खिलाफ मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न, धमकी और सोशल मीडिया पर बदनाम करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में महिला अधिवक्ता ने बताया कि उसकी पहचान “जागो उत्तराखण्ड” नाम के फेसबुक पेज के माध्यम से केशव थलवाल से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने स्वयं को पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर बताते हुए सहानुभूति हासिल की तथा भावनात्मक बातें कर विश्वास जीतने का प्रयास किया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देकर महिला से गूगल पे एवं अन्य माध्यमों से धनराशि प्राप्त की। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार करते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी गई।

महिला अधिवक्ता, जो विशेष रूप से सक्षम (स्पेशली एबल्ड) बताई गई हैं, ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपने परिचितों के माध्यम से उन्हें अपनी गर्लफ्रेंड बताकर शादी के लिए दबाव बनाया। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी ने आत्महत्या करने और सुसाइड नोट में महिला का नाम लिखकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

शिकायत के मुताबिक, 3 मई 2026 को महिला के मोबाइल पर त्रिलोक नकोटी नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को केशव थलवाल का दोस्त बताते हुए आरोपी द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की जानकारी दी। फोन करने वाले व्यक्ति ने महिला पर शादी के लिए दबाव बनाने और मना करने पर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया।

महिला की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 183/2026 धारा 318(2), 351(3) एवं 78 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles