सीडीओ रुद्रप्रयाग ने उन्नति स्वायत्त सहकारिता नारी की मिलेट बेकरी का किया औचक निरीक्षण, महिलाओं के स्वरोजगार व उत्पाद गुणवत्ता को मिली नई दिशा

सीडीओ रुद्रप्रयाग ने उन्नति स्वायत्त सहकारिता नारी की मिलेट बेकरी का किया औचक निरीक्षण, महिलाओं के स्वरोजगार व उत्पाद गुणवत्ता को मिली नई दिशा
Spread the love

रुद्रप्रयाग। मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेन्द्र सिंह रावत ने आज ग्राम सन में ग्रामोत्थान एवं उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित उन्नति स्वायत्त सहकारिता नारी की मिलेट बेकरी (सीबीओ स्तर की इकाई) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बेकरी यूनिट की संचालन व्यवस्था, प्रबंधन और उत्पादन प्रक्रिया का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली, आर्थिक लाभ, चुनौतियों और प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताओं को जाना।

सीडीओ रावत ने उत्पादों की गुणवत्ता, मार्केट लिंकेज, ब्रांडिंग और बाजार की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की इकाइयाँ ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बना रही हैं तथा ग्राम स्तरीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना रुद्रप्रयाग को निर्देशित किया कि बेकरी में कार्यरत महिलाओं को उचित तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, सभी महिलाओं के लिए यूनिफॉर्म तैयार की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन हेतु निरंतर तकनीकी सहयोग दिया जाए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ द्वारा बेकरी यूनिट को 5 किलो घी के बिस्कुट तैयार करने का डिमांड ऑर्डर भी दिया गया, जो स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित ऐसी इकाइयाँ महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रही हैं।

इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, सहायक परियोजना निदेशक (जिला ग्राम्य विकास अभिकरण), जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान परियोजना, सहायक प्रबंधक संस्थाएँ एवं समावेशन तथा उन्नति स्वायत्त सहकारिता का स्टाफ उपस्थित रहा।

देवभूमि खबर

Related articles