विधानसभा सत्र, विंटर नेशनल गेम्स व महाशिवरात्रि को लेकर चमोली पुलिस अलर्ट, एसपी ने ली वर्चुअल समीक्षा बैठक

विधानसभा सत्र, विंटर नेशनल गेम्स व महाशिवरात्रि को लेकर चमोली पुलिस अलर्ट, एसपी ने ली वर्चुअल समीक्षा बैठक
Spread the love

चमोली ।जनपद चमोली में आगामी विधानसभा बजट सत्र, औली में आयोजित होने वाले विंटर नेशनल गेम्स एवं कार्निवल तथा महाशिवरात्रि पर्व जैसे बड़े आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से चमोली पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं मंदिर परिसरों में आयोजित होने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय एवं सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड एवं महिला होमगार्ड/पीआरडी जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

औली (ज्योतिर्मठ) क्षेत्र में आयोजित होने वाले विंटर नेशनल गेम्स एवं कार्निवल को लेकर सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने आयोजन स्थलों एवं आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ज्योतिर्मठ–औली मार्ग पर जमी बर्फ को देखते हुए बीआरओ के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर यातायात को सुचारु बनाए रखने एवं सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा गया।

भराड़ीसैंण (गैरसैण) में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल हेतु आवासीय एवं संचार व्यवस्था तथा बैरिकेडिंग को लेकर संबंधित विभागों से प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं।इसके अतिरिक्त विभागीय लंबित प्रारंभिक जांचों/14(2) की कार्यवाहियों, दो माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं को भेजे गए माल मुकदमाती की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।

जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने तथा बैंक व वाहन चेकिंग अभियानों को संवेदनशील स्थानों पर निरंतर प्रभावी रूप से चलाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों एवं आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए।

गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत, निरीक्षक अभिसूचना इकाई सचिन चौहान, यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना, निरीक्षक दिगम्बर उनियाल सहित जनपद के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

देवभूमि खबर

Related articles