70 नाली भूमि पर अवैध भांग की खेती नष्ट, चमोली पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत चमोली पुलिस ने नशे की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवाल क्षेत्र के रामपुर तोक में लगभग 70 नाली भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को नष्ट किया।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। टीम ने रामपुर तोक क्षेत्र में भांग की अवैध खेती को चिन्हित कर उसे नष्ट किया। अभियान के दौरान आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को अवैध रूप से भांग की खेती करने के कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। ग्रामीणों को चेतावनी दी गई कि अवैध भांग की खेती करते पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों से अपने आसपास उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग की अपील की।
अभियान के दौरान प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने फर्जी केवाईसी अपडेट, बैंक या एटीएम बंद होने का झांसा, ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग, फर्जी ऋण, नौकरी का झांसा, डिजिटल गिरफ्तारी, फर्जी ग्राहक सेवा केंद्र तथा संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के बारे में जानकारी दी।
ग्रामीणों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, पिन, सीवीवी, बैंक खाते का विवरण और पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से भी बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने ग्रामीणों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ परिवार के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी देवाल राकेश डिमरी, कांस्टेबल सलमान सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
