मोर्चा के प्रयास से यूपीसीएल में पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का आदेश जारी: नेगी

मोर्चा के प्रयास से यूपीसीएल में पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का आदेश जारी: नेगी
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के प्रयासों के बाद उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने के आदेश जारी हो गए हैं। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने इसके लिए प्रमुख सचिव ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम और यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक प्रकाश ध्यानी का आभार व्यक्त किया है।

नेगी ने कहा कि मोर्चा ने कुछ समय पूर्व प्रमुख सचिव ऊर्जा से मुलाकात कर यूपीसीएल में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग उठाई थी। मोर्चा द्वारा लगातार इस मामले को शासन स्तर पर उठाए जाने के बाद अब यूपीसीएल में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारियों के मामले में जनहित याचिका संख्या 116/2018, कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य एवं अन्य में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उपनल के माध्यम से कार्यरत एवं प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य लाभ दिए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके अनुपालन में शासन ने 3 फरवरी 2026 को सभी विभागों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने के निर्देश जारी किए थे।

नेगी के अनुसार शासन के निर्देशों के बाद प्रदेश के अधिकांश विभागों एवं निगमों में पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन ऊर्जा विभाग के तीनों निगमों यूपीसीएल, यूजेवीएन लिमिटेड और पिटकुल में इन आदेशों का अपेक्षित अनुपालन नहीं हुआ था। मोर्चा ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए पूर्व सैनिकों को उनका अधिकार दिलाने के लिए शासन स्तर पर पैरवी की।

उन्होंने कहा कि यूपीसीएल में आदेश जारी होने के बाद अब उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी बहुत जल्द समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles