मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी श्री संजीवा कुमार ने फायर स्टेशन नई टिहरी का किया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण

नई टिहरी।मुख्य अग्निशमन अधिकारी, टिहरी गढ़वाल श्री संजीवा कुमार द्वारा आज फायर स्टेशन, नई टिहरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले परेड का निरीक्षण किया, जिसमें उपस्थित सभी कार्मिक निर्धारित एवं साफ-सुथरी वर्दी में पाए गए। इसके बाद उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध सभी अग्निशमन वाहनों एवं मशीनों का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, वाचरूम, एफ.एस. कार्यालय, स्टोर तथा स्टेशन मैस का निरीक्षण किया। स्टेशन पर उपलब्ध रेस्क्यू एवं आपदा उपकरणों को कार्मिकों से एक-एक कर स्टार्ट करवाया गया। वाचरूम में स्थापित सभी संचार उपकरण कार्यशील अवस्था में पाए गए। इसके उपरांत मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने एफ.एस. कार्यालय के अभिलेखों का अवलोकन किया, जो सभी अद्यावधिक पाए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने स्टेशन में नियुक्त महिला एवं पुरुष फायरमैनों को निर्देशित किया गया कि वे मासिक टास्क के अनुसार फायर एवं रेस्क्यू उपकरणों के नियमित संचालन की जानकारी प्राप्त करें। साथ ही, प्रभारी/अग्निशमन अधिकारी नई टिहरी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन वाहन, मशीनें एवं उपकरण सदैव कार्यशील दशा में रहें।
निरीक्षण के दौरान कार्मिकों से उनके सुझावों एवं व्यक्तिगत/विभागीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। किसी भी कर्मी द्वारा कोई समस्या व्यक्त नहीं की गई। महोदय ने निर्देश दिए कि यदि किसी कर्मी को कोई समस्या हो, तो उसका समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने सभी कार्मिकों को फायर या रेस्क्यू की घटना घटित होने पर पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) धारण करने और अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता एवं निष्ठा के साथ निभाने के निर्देश दिए।
आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने प्रभारी/अग्निशमन अधिकारी नई टिहरी को निर्देशित किया कि फायर स्टेशन क्षेत्रांतर्गत भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर व्यापार मंडल आदि से समन्वय स्थापित कर अग्निशमन वाहनों के आवागमन हेतु पर्याप्त मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही फायर स्टेशन पर अधिक से अधिक जनशक्ति बनाए रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

