मुख्यमंत्री धामी सख्त, घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश, PERT चार्ट से होगी निगरानी
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए पी.ई.आर.टी. चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बिजली, पेयजल, वनाग्नि, मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़कों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में चल रही घोषणाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं के शासनादेश अभी जारी नहीं हुए हैं, उन्हें 15 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास बनाने की योजना पर भी जोर दिया। इसके लिए ऐसे विद्यालयों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए जहां छात्राओं की संख्या अधिक है। साथ ही रघुनाथ मंदिर, कोट ब्लॉक के लक्ष्मण मंदिर और फलस्वाड़ी स्थित सीता माता मंदिर को धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित करने की बात कही।
उन्होंने केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्तावों को प्राथमिकता से केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए, ताकि शीघ्र स्वीकृति मिल सके। युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पौड़ी में मल्टीपरपज हॉल निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने रोपवे परियोजनाओं की अलग से समीक्षा, पार्किंग समस्याओं के समाधान और सरकारी कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री, विधायकगण, मुख्य सचिव और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

