मुख्यमंत्री धामी ने दिए निर्देश — दोनों मंडलों में स्थापित होंगे स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन, विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने के आदेश

मुख्यमंत्री धामी ने दिए निर्देश — दोनों मंडलों में स्थापित होंगे स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन, विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने के आदेश
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दोनों मंडलों में एक-एक स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की स्थापना के लिए विस्तृत कार्ययोजना (रोडमैप) जल्द तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ तीर्थ स्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों का समग्र विकास किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि इसी वित्तीय वर्ष में योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।

उन्होंने कहा कि स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन में योग, ध्यान, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, स्थानीय हस्तशिल्प, पर्वतीय उत्पादों और सांस्कृतिक आयोजनों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और उत्तराखंड की पहचान ‘आध्यात्मिक राजधानी’ के रूप में और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में शीतकालीन यात्रा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शीतकालीन स्थलों में बुनियादी सुविधाओं, यात्रा, आवास, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए, ताकि अधिक पर्यटक राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता का अनुभव कर सकें। साथ ही पारंपरिक और आधुनिक माध्यमों से इन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना और प्राकृतिक व आध्यात्मिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और समयबद्ध मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज भी जुड़े। बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, स्थानिक आयुक्त श्री अजय मिश्रा, अपर सचिव श्री अभिषेक रोहिला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles