मुख्यमंत्री धामी ने गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली तिरंगा यात्रा

मुख्यमंत्री धामी ने गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली तिरंगा यात्रा
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी तथा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में भी भारत की क्षमता लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया के सामने अपनी सामरिक शक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं और यहां के अनेक परिवारों के बेटे सीमाओं पर देश की रक्षा में तैनात हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। पिछले एक वर्ष में राज्य की GSDP में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि तथा प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज होने की बात भी उन्होंने कही।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जबकि स्टार्टअप की संख्या 1,750 से अधिक हो चुकी है। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य में रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण विरोधी कानून, कठोर दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तथा नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। उनके अनुसार पिछले करीब पांच वर्षों में बिना धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles