नाबालिग से दुष्कर्म और जान से मारने की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार, हरिद्वार पुलिस ने दबोचा

नाबालिग से दुष्कर्म और जान से मारने की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार, हरिद्वार पुलिस ने दबोचा
Spread the love

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और उसे जान से मारने की नीयत से घायल कर जंगल में छोड़ने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 8 अगस्त को पुराना पथरी पावर हाउस के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय, बीएचईएल के पास जंगल और झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल अवस्था में मिली थी। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बालिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल से उसे एम्स ऋषिकेश हायर सेंटर रेफर किया गया।

पुलिस द्वारा बालिका के परिजनों की जानकारी जुटाकर उन्हें मौके पर बुलाया गया। बालिका ने अपने परिजनों एवं पुलिस को बताया कि 3 अगस्त को शेखर नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया तथा जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट कर उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बालिका के परिजनों की तहरीर पर रानीपुर पुलिस ने मु0अ0सं0 275/26 के तहत आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही आरोपी की तलाश में सुरागरसी-पतारसी की और घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 8 अगस्त 2026 को पुराना पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, हरिद्वार में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल गंभीर तोमर एवं कांस्टेबल प्रेम सिंह पुलिस टीम में शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles