पंचायत चुनाव की तिथियों में कोई बदलाव नहीं, मतदान 24 और 28 जुलाई को ही : राज्य निर्वाचन आयोग
देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड ने स्पष्ट किया है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथियों में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है। आयोग के अनुसार, पंचायत चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो चरणों में—24 और 28 जुलाई 2025 को—ही होंगे।
आयोग ने यह स्पष्टीकरण उन अफवाहों के मद्देनजर जारी किया है, जिनमें यह भ्रम फैलाया जा रहा था कि मतदान की तिथियों में बदलाव हुआ है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक आपदा या अन्य आपातकालीन स्थितियों में किसी मतदान केंद्र पर मतदान न हो पाने की स्थिति में ही पुनर्मतदान कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 20 जुलाई 2025 को जारी पत्र भी केवल पुनर्मतदान की संभावित तिथियों के संदर्भ में था, और इसका मुख्य मतदान तिथियों में किसी बदलाव से कोई संबंध नहीं है।
आयोग के सचिव श्री राहुल कुमार गोयल ने जानकारी दी कि यदि पहले चरण के अंतर्गत 24 जुलाई को किसी पोलिंग स्टेशन पर मतदान नहीं हो पाता है, तो वहां 28 जुलाई को पुनर्मतदान कराया जाएगा। इसी प्रकार, यदि 28 जुलाई को मतदान नहीं हो पाता है, तो संबंधित पोलिंग स्टेशन पर 30 जुलाई को पुनर्मतदान होगा।
सचिव ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर पुनर्मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2025 को ही सम्पन्न की जाएगी।

