मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअली किया बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों पर दिया जोर

मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअली किया बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों पर दिया जोर
Spread the love

श्रीनगर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को श्रीनगर, पौड़ी में आयोजित बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ अवसर पर जनता को वर्चुअल संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर गढ़वाल में स्थित माँ धारी देवी और भगवान कमलेश्वर महादेव के पौराणिक मंदिर सम्पूर्ण उत्तराखंड की अनमोल धरोहर हैं। प्रत्येक वर्ष बैकुण्ठ चतुर्दशी पर आयोजित होने वाला यह मेला आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक लोक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक मेले हमें हमारी जड़ों और संस्कृति से जोड़ते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क संपर्क आदि क्षेत्रों में तेजी से इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं, वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का निर्माण कार्य भी तेज गति से हो रहा है, जिससे पूरे गढ़वाल क्षेत्र सहित श्रीनगर में रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

श्रीनगर विकास कार्यों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 करोड़ 88 लाख की लागत से रोडवेज बस स्टेशन और पार्किंग का निर्माण किया गया है। अलकनंदा नदी किनारे ‘गंगा संस्कृति केंद्र’ का निर्माण, श्रीनगर को नगर निगम का दर्जा, और 37 करोड़ की लागत से मढ़ी-चौरास-जाखड़ी पंपिंग पेयजल योजना जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य समर्पित किए गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि श्रीनगर के बेलकेदार और बेलकंडी मार्ग के क्षेत्र में एक नई टाउनशिप की स्थापना, सभी मोहल्लों तक सीवरेज व्यवस्था, ट्राइडेंट पार्क निर्माण, पुराने कलैक्ट्रेट भवन को हैरिटेज भवन के रूप में विकसित करना, धारी देवी तक पैदल मार्ग निर्माण और गोला पार्क का सौंदर्यीकरण जैसी योजनाएं भी प्रगति पर हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में श्रीनगर को प्रमुखता देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण अंतिम चरण में है। बेस अस्पताल में 25 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी बनाया जा रहा है, जिसका लाभ पौड़ी के साथ चमोली, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों के हजारों मरीजों को मिलेगा।

इस अवसर पर मेयर श्रीमती आरती भंडारी, जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति भदौरिया और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles