मुख्यमंत्री धामी का महिलाओं को तोहफ़ा — ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को वैश्विक बाजार, 1.63 लाख से अधिक महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी

मुख्यमंत्री धामी का महिलाओं को तोहफ़ा — ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को वैश्विक बाजार, 1.63 लाख से अधिक महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया और उनसे संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ का शुभंकर एवं लोगो लॉन्च किया तथा ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के नए उत्पाद और वेबसाइट का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। संसद और विधानसभाओं में 33% आरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

धामी ने बताया कि राज्य सरकार भी महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और रोजगार में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है। ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ के तहत अगले तीन वर्षों में 15,000 उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और ‘लखपति दीदी’ को इन्क्यूबेशन सुविधा दी जाएगी, जिसमें व्यवसायिक प्रशिक्षण, कानूनी सहयोग, को-वर्किंग स्पेस, निवेश सहायता और वैश्विक विपणन नेटवर्क शामिल होगा।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के तहत वर्तमान में 35 उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बाजार में उपलब्ध हैं, जिन्हें जल्द ही अन्य देशों में भी निर्यात किया जाएगा। वर्तमान में राज्य में 68,000 स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से करीब 5 लाख महिलाएं संगठित होकर व्यवसाय कर रही हैं। 2023 में शुरू ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ के तहत 27,000 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनसे 7 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है।

महिला समूहों की सफलता की कहानियों में अल्मोड़ा की सीमा कुमारी का 5 वर्षों में 18 लाख रुपये की कमाई, बागेश्वर की दया दानू का 400 महिलाओं के साथ 1 करोड़ रुपये का लाभ, चम्पावत की हेमा उपाध्याय का एग्रो टूरिज्म से सालाना 4 लाख रुपये का आय, देहरादून की किरण राणा का मशरूम उत्पादन, और नैनीताल की किरण जोशी का 8 लाख रुपये का रेशम कारोबार शामिल है।

इस मौके पर विधायक खजानदास, सविता कपूर, सचिव ग्राम्य विकास राधिका झा, आयुक्त अनुराधा पाल, अपर सचिव झरना कमठान और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles