मुख्यमंत्री ने त्यूनी में ‘मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार’ कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, कहा हनोल के मास्टर प्लान को दिया जाएगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने त्यूनी में ‘मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार’ कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, कहा हनोल के मास्टर प्लान को दिया जाएगा विस्तार
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को त्यूनी जौनसार-बावर, देहरादून में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं को किट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने महासू महाराज की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि वे इस आध्यात्मिक चेतना और विशिष्ट परंपराओं की भूमि में आए। उन्होंने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले भी उन्होंने महासू महाराज के दर्शन किए थे, और बिना देवताओं की इच्छा के कोई भी इस धाम में नहीं आ सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जौनसार-बावर क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की है। महासू महाराज मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण के लिए ₹120 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मास्टर प्लान लागू होने के बाद तीर्थाटन और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि हनोल के मास्टर प्लान को विस्तार दिया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी, और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। लंबे समय से राज्य की भूमि और संसाधनों से छेड़छाड़ की जा रही थी, जिससे जनसांख्यिकीय संतुलन प्रभावित हो रहा था। लेकिन इस बार सरकार ने जनता की मांग और जनभावनाओं के अनुरूप सशक्त भू सुधार कानून को लागू किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की सूची में उत्तराखंड प्रथम स्थान पर है। बेरोजगारी दर में बीते एक वर्ष में 4.4% की कमी आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यभर में होने वाले कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक रहती है, जो मातृशक्ति के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश में 1 लाख ‘लखपति दीदी’ तैयार की गई हैं।

हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के तहत महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब उत्तराखंड की महिलाओं के उत्पादों की मांग न केवल देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तराखंड का विशेष रूप से जिक्र किया। हाल ही में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में उत्तराखंड को मिली सफलता के लिए उन्होंने राज्य की सराहना की। 38वें राष्ट्रीय खेलों ने देवभूमि को ‘खेल भूमि’ के रूप में स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू हो चुकी है। इसके अलावा सख्त नकल विरोधी कानून लाकर 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है।

बीते तीन वर्षों में 20,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और राज्य सरकार हर क्षेत्र में विकास को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि आराकोट से अस्कोट, नीति से माणा और चकराता से गूंजी तक राज्य का समेकित विकास किया जाएगा।

इस अवसर पर विकासनगर विधायक श्री मुन्ना सिंह चौहान, पुरोला विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु चौहान, पूर्व एस.टी आयोग अध्यक्ष मूरत राम शर्मा, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम कालसी गौरी प्रभात, एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles