नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगा कर ले जाने वाले अभियुक्त को पुलिस ने लखनऊ से किया गिरफ्तार
दून ।पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के प्रति अपनी गंभीरता दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगाने वाले अभियुक्त को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना 14 दिसंबर 2024 की है, जब विकासनगर निवासी एक व्यक्ति की 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री पोंटा जाने के बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद 15 दिसंबर 2024 को पीड़िता के परिजनों ने थाना विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धारा 137(2) BNS के तहत मामला पंजीकृत किया गया और पीड़िता की तलाश हेतु पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी प्राप्त हुई कि रज्जन द्विवेदी नामक व्यक्ति ने नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 फरवरी 2025 को लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के पास से अभियुक्त रज्जन द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से नाबालिग युवती को भी बरामद किया गया।
पीड़िता से पूछताछ में उसने अभियुक्त द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात बताई। इस बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में धारा 65(1) BNS और धारा 5/6 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक (उ0नि0) विकसित पंवार, चौकी प्रभारी कुल्हाल ने नेतृत्व किया। टीम में उनके साथ अपर उपनिरीक्षक (अ0उ0नि0) नौशाद अंसारी भी शामिल रहे, जिन्होंने अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, हेड कांस्टेबल (हे0का0) नीरज शुक्ला ने गिरफ्तारी और पीड़िता की बरामदगी के दौरान सक्रिय सहयोग प्रदान किया। अभियुक्त को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि पीड़िता को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

