HTML tutorial
HTML tutorial

मुख्यमंत्री धामी ने यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समारोह में की शिरकत, की विकास की कई योजनाओं की घोषणा

मुख्यमंत्री धामी ने यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समारोह में की शिरकत, की विकास की कई योजनाओं की घोषणा
Spread the love

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के डामटा में आयोजित यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में भाग लिया और कार्यक्रम के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मेले में शामिल ग्रामीणों के साथ पारंपरिक लोक नृत्य में भी हिस्सा लिया और स्थानीय संस्कृति के प्रति आदर व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुगरसंती पट्टी के पैंसठ गांव के आराध्य रूद्रेश्वर महाराज के डांडा देवराणा मेले को राज्य के आधिकारिक मेले के कैलेण्डर में शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने टीकरा टॉप में खेल मैदान और हेलीपैड के निर्माण की भी बात कही। उन्होंने क्षेत्र में पॉलीटेक्नीक संस्थान की जरूरत पर भी विचार करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र में पर्यटन के विकास और यमुना तीर्थ सर्किट के निर्माण की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार यमुनाघाटी में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के प्रयासों पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रगति के लिए किए गए निर्णयों, जैसे नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता, का भी जिक्र किया और राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी एसएल सेमवाल, अपर जिलाधिकारी देवानंद शर्मा, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भंडारी, मेला समिति के अध्यक्ष बचन सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र राणा, चमन सिंह चौहान, सुलोचना गौड़, दयाराम थपलियाल सहित अनेक जन-प्रतिनिधि एवं मेला आयोजन समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles