मुख्य सचिव ने देहरादून मोबिलिटी प्लान की समीक्षा की, परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने देहरादून मोबिलिटी प्लान की समीक्षा की, परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में एकीकृत महानगर परिवहन प्राधिकरण (UMTA) की बैठक में देहरादून शहर के मोबिलिटी प्लान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को 10 चिन्हित स्थानों पर यातायात सुधार कार्यों में तेजी लाने और तैयार डीपीआर वाले कार्यों को एक माह के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। शेष कार्यों की डीपीआर 31 जुलाई तक पूरी करने को कहा गया है।

मुख्य सचिव ने नो पार्किंग ज़ोन में अवैध वाहन खड़े होने पर सख्त प्रवर्तन की मांग की और नए पार्किंग स्थलों की पहचान की प्रक्रिया तेज़ करने पर जोर दिया। उन्होंने सचिवालय, पवेलियन ग्राउंड और परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की संभावनाओं को तलाशने के निर्देश भी दिए।

आढ़त बाजार के शीघ्र शिफ्टिंग की प्रक्रिया में विलंब पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट टाइमलाइन तैयार कर मुख्य सचिव कार्यालय को अवगत कराने को कहा। साथ ही, एसपीवी के गठन के प्रस्ताव को 15 दिनों में कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए देहरादून के लिए अगले 25-30 वर्षों की यातायात योजना तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी श्री सविन बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles